- लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी में शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले
गोरखपुर। लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से आयोजित 11वीं ऑल इंडिया 20-20 प्राइज मनी लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनलिस्ट तय हो गए हैं। शनिवार को रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में लखनऊ और इंडियन एयरफोर्स की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में लखनऊ ने हरियाणा को 46 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 203 रन बनाए। हिमांशु अस्नोरा ने 51 गेंदों में 93 रन बनाए, अजीत वर्मा ने 60 और प्रियांशु ने 36 रन जोड़े। हरियाणा की ओर से परम चंदेला ने तीन और नमन ने एक विकेट चटकाया। जवाब में उतरी हरियाणा की टीम 20 ओवर में 157 रन ही बना सकी। लखनऊ के आतिफ ने तीन, रोहित द्विवेदी और आदित्य सिंह ने दो-दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हिमांशु अस्नोरा को दिया गया।
दूसरे सेमीफाइनल में इंडियन एयरफोर्स ने इंदौर को दो विकेट से हराया। इंदौर ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 145 रन बनाए। हंस यादव ने 38 और सागर शर्मा ने 32 रन बनाए। इंडियन एयरफोर्स ने 20वें ओवर में आठ विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। राजबहादुर पाल, अभिषेक तिवारी और गौरव कोचर ने क्रमशः 25, 25 और 24 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच राजबहादुर पाल चुने गए। फाइनल मुकाबला रविवार को रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर सुबह 11 बजे लखनऊ और इंडियन एयरफोर्स के बीच खेला जाएगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और विशिष्ट अतिथि पूर्व आईपीएल एवं जूनियर क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता शलभ श्रीवास्तव होंगे।