अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राज्य अवस्थापना मद के अंतर्गत रामगढ़ताल क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजना प्रस्तावित की है। इस परियोजना के तहत लगभग 2700 मीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण, आरसीसी नाला निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा।
परियोजना की अनुमानित लागत 23 करोड़ रुपये तय की गई है। यह सड़क चौड़ीकरण कार्य तारामंडल गोरखपुर से वसुंधरा इन्क्लेव आवासीय योजना होते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा देवरिया बाईपास, महाराणा प्रताप पार्क, ग्रीनवुड आवासीय योजना और गोरक्ष आवासीय योजना से होकर पैडलेगंज चौराहा तक किया जाएगा।
जीडीए अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य न केवल यातायात सुगमता बढ़ाना है, बल्कि क्षेत्र को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देना भी है। सड़क चौड़ीकरण के साथ नालियों का निर्माण जल निकासी की समस्या को दूर करेगा, जबकि सौंदर्यीकरण कार्य क्षेत्र को पर्यटक दृष्टि से भी सुदृढ़ बनाएगा।
परियोजना स्वीकृति के बाद इसका कार्य शीघ्र ही शुरू किए जाने की संभावना है। इसके पूर्ण होने पर रामगढ़ताल क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।