- देवरिया बाईपास की तरफ एप्रोच का काम पूरा होने के बाद होगा लोकार्पण
- पैडलेगंज और टीपीनगर की तरफ पूरा हो गया है एप्रोच का निर्माण
गोरखपुर। शहरवासियों के लिए बहुप्रतीक्षित सिक्सलेन फ्लाईओवर परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। देवरिया बाईपास से टीपीनगर तक बन रहे इस फ्लाईओवर पर सड़क निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि स्ट्रीट लाइट्स लगाने का काम भी अंतिम दौर में है। एक तरफ एप्रोच रोड का शेष कार्य पूरा होते ही इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, नौसड़-पैडलेगंज मार्ग पर करीब 2.6 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 429.49 करोड़ रुपये की लागत आई है। सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने बताया कि फ्लाईओवर के मुख्य हिस्से का निर्माण लगभग 99 प्रतिशत पूरा हो चुका है। केवल फिनिशिंग से जुड़े कुछ कार्य शेष हैं, जिन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है। पैडलेगंज और टीपीनगर की ओर एप्रोच रोड का निर्माण पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
एसबीआई के सामने वाले हिस्से में भी एप्रोच तैयार है और वहां सड़क बिछाने का कार्य जारी है। दूसरी ओर देवरिया बाईपास की दिशा में एप्रोच को जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा फ्लाईओवर के पिलरों की रंगाई-पुताई और ऊपरी सतह पर अंतिम लेयर डालने का कार्य भी अंतिम चरण में है। फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी अंतिम चरण में है।
वर्तमान में इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव और शहर में प्रवेश करने वाले ट्रैफिक के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। खासकर पीक आवर्स में लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। ऐसे में इस फ्लाईओवर का निर्माण शहर के यातायात प्रबंधन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद देवरिया बाईपास से टीपीनगर और शहर के अन्य हिस्सों की ओर जाने वाले वाहनों को सीधा, तेज और सुगम मार्ग मिलेगा। इससे न केवल ट्रैफिक जाम में कमी आएगी बल्कि शहर के भीतर यातायात का दबाव भी संतुलित होगा। सेतु निगम के जीएम मिथिलेश कुमार के अनुसार, इस माह के अंत तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।