गोरखपुर। मानबेला खान मड़इया वार्ड-पांच मौर्या टोला के कॉलोनीवासियों ने बॉटल फैक्टरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों का कहना है कि बॉटल फैक्टरी का गंदा पानी लगातार सड़क पर छोड़े जाने से 10 फीट चौड़ी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
पार्षद और पुलिस चौकी में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब फैक्टरी सड़क की दूसरी तरफ नई नाली बनाने का दबाव बना रही है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि इससे सड़क और संकरी हो जाएगी। प्रशासन से गंदा पानी रोकने, पुरानी नाली ठीक कराने और नई नाली का प्रस्ताव रद्द करने की मांग की गई है। चेतावनी दी है कि सुनवाई न होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।