गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय में मंगलवार को नव वर्ष-2026 के वॉल कैलेंडर का विमोचन किया गया। इस कैलेंडर में पूर्वोत्तर रेलवे की ऐतिहासिक विरासत और प्रमुख दर्शनीय स्थलों को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया है।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि यह कैलेंडर रेलवे के गौरवशाली अतीत और दर्शनीय स्थलों को समेटे हुए काफी लोकप्रिय है। कैलेंडर में गोरखनाथ मंदिर और गीता प्रेस, अयोध्या का श्रीराम मंदिर, वाराणसी की गंगा आरती, प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का संगम, छपिया का स्वामी नारायण मंदिर, सारनाथ का धम्मेक स्तूप, मगहर में संत कबीरदास का समाधि स्थल, नैनीताल और रामनगर स्थित जिम कार्बेट राष्ट्रीय उद्यान के साथ-साथ पूर्वोत्तर रेलवे पर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचलन भी प्रदर्शित किया गया है। वॉल कैलेंडर रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच काफी लोकप्रिय है। इसमें कर्मचारियों के लिए राजपत्रित और निवृत्त अवकाश भी दर्शाए गए हैं, जिससे इसे उपयोगी और आकर्षक दोनों बनाया गया है। संवाद