बड़हलगंज (गोरखपुर)। क्षेत्र के मदरिया चौराहे पर फल के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में फल विक्रेता और उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मदरिया निवासी नितिन सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे चार युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। फल खरीदने के बाद जब उन्होंने और उनके भाई अमन सोनकर ने पैसे मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों भाइयों को घायल कर दिया। घटना के दौरान शोर सुनकर नितिन की मां और चाचा मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।