सरदारनगर (गोरखपुर)। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत चौरीचौरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह शहीद स्मारक परिसर में घूमने आईं युवतियों पर फब्तियां कसकर अभद्र टिप्पणी कर रहा था।
एंटी रोमियो टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज मौर्य एवं आरक्षी मनीष राय क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान शहीद स्मारक परिसर में एक युवक युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां करता मिला। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी वीरू पासवान निवासी पोखरभिंडा, थाना चौरीचौरा को गिरफ्तार कर लिया।