आर एस एस के स्थापना दिवस के अवसर पर योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में संस्कार भारती द्वारा
- संघ के तीन सरसंघचालकों के जीवन पर आधारित है नाटक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। संस्कार भारती गोरक्ष प्रांत की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में नाटक बृहस्पतिवार को ''''संघ गंगा के तीन भगीरथ'''' का मंचन किया गया। यह नाटक संघ के प्रथम तीन सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, माधव सदाशिव गोलवलकर और बाला साहब देवरस के जीवन, विचार और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत संघचालक डॉ. महेंद्र अग्रवाल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, डॉ. शैलेश सिंह, प्रांत प्रचारक प्रमुख डॉ. अवधेश ने किया। अतिथियों ने नाटक को राष्ट्रवादी चेतना और संगठनात्मक मूल्यों को सशक्त रूप में प्रस्तुत करने वाला बताया।
12 शहरों में होगा मंचन
प्रसिद्ध निर्देशक व अभिनेता संजय पेंडसे की ओर से निर्मित यह नाटक राधिका क्रिएशंस, नागपुर–पुणे की प्रस्तुति है। नाटक को दो अंकों में विभाजित किया गया है, जिसकी कुल अवधि 2 घंटे 20 मिनट है। कथा को कालानुरूप प्रवाहित रखने के लिए भारत माता की प्रस्तावना के माध्यम से प्रमुख प्रसंगों का नाट्य रूपांतरण किया गया है। महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में सफल प्रस्तुतियों के बाद अब यह नाटक उत्तर प्रदेश के 12 शहरों में मंचित किया जाएगा।