- पश्चिमी छोर पर आरआरआई की पुरानी बिल्डिंग गिराई जाएगी, दूसरे प्लेटफाॅर्म से चलेंगी ट्रेनें
- यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए लगातार होंगी घोषणाएं
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर बुधवार को मेगा ब्लॉक रहेगा। स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या पांच और छह के पश्चिमी छोर पर यार्ड के पास स्थित आरआरआई की पुरानी और परित्यक्त बिल्डिंग को गिराया जाएगा। इसके चलते दोनों प्लेटफाॅर्म पूरे दिन बंद रहेंगे। इन प्लेटफाॅर्मों पर आने-जाने वाली ट्रेनों का संचालन दूसरे प्लेटफाॅर्मों से किया जाएगा। मेगा ब्लॉक के दौरान प्लेटफाॅर्म पांच और छह पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। संबंधित ट्रेनों को दूसरे प्लेटफाॅर्म पर लिया जाएगा। इसके लिए ट्रेनों के प्लेटफाॅर्म में बदलाव किया जाएगा। यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित प्लेटफाॅर्म और बदलाव की जानकारी पहले से दी जाएगी।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार उद्घोषणा की जाएगी। ट्रेनों के प्लेटफाॅर्म में होने वाले बदलाव की जानकारी एनटीएस में भी अपडेट की जाएगी, ताकि यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में परेशानी न हो। स्टेशन प्रशासन ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा से पहले उद्घोषणा और डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से प्लेटफाॅर्म की जानकारी लेते रहें। रेलवे सुरक्षा बल, कॉमर्शियल स्टॉफ और टीटीई की ड्यूटी लगाई गई है।
आरआरआई की पुरानी और परित्यक्त बिल्डिंग को गिराने के लिए मेगा ब्लॉक लिया गया है। प्लेटफाॅर्म पांच और छह पूरे दिन बंद रहेंगे। इन प्लेटफार्मों की ट्रेनों को दूसरे प्लेटफाॅर्म से संचालित किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार घोषणाएं कराई जाएंगी और एनटीएस में भी बदलाव किया जाएगा।
-रतनदीप गुप्ता, स्टेशन डायरेक्टर, गोरखपुर जंक्शन