झमाझम हुई बारिश दाउदपुर की फोटो।
- फोटो : GORAKHPUR CITY
देर रात बारिश ने उमस भरी गर्मी से दिलाई राहत
गोरखपुर। दो-तीन दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से सोमवार की रात हुई बारिश ने शहरवासियों को राहत दी। देर रात शहर के ज्यादातर इलाकों में तेज हवा के साथ हुई बारिश से तापमान नीचे आ गया। हालांकि बारिश के बाद कुछ इलाकों में जलभराव की भी दिक्कत हुई। चक्रवाती हवाओं और कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से बुधवार को गोरखपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
आकाश साफ होने के साथ हवा में नमी रहने की वजह से सोमवार को पूरे दिन लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहेे। मात्र 33 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान रहने के बावजूद हीट इंडेक्स 41 डिग्री रहा। इसकी वजह से पूरे दिन लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। देर रात बारिश से लोगों को राहत मिली। दरअसल हवा की रफ्तार तेज होने की वजह से मानसून का सिस्टम गोरखपुर के दक्षिण में शिफ्ट हो गया, लेकिन इसके फिर से गोरखपुर एवं आसपास के इलाकों पर छाने की संभावना है।
क्योंकि एक टर्फ लाइन गोरखपुर के ऊपर से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव की वजह से गोरखपुर के ऊपरी वायुमंडल में करीब 18 हजार फीट की ऊंचाई पर तेज पुरवा हवा चल रही है। इसकी वजह से बंगाल, झारखंड, बिहार के अलावा पूर्वी उत्तरप्रदेश में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।