पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर क्षेत्र के जंगल सालिकराम कलेक्ट्री मोहल्ले में रविवार सुबह नगर निगम की पशु पकड़ने वाली टीम की ओर से गायों को पकड़ने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। विरोध बढ़ता देख टीम के कर्मचारी वाहन छोड़कर मौके से चले गए। बाद में मोहल्लेवासियों ने ट्रक में लदी अपनी गायों को उतार लिया। सूचना पर पुलिस, स्थानीय पार्षद और नगर निगम की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
मोहल्ले की निवासी सुनीता देवी, उषा देवी और गुलाब ने बताया कि वे लोग गाय पालकर दूध बेचने का काम करते हैं और इसी से परिवार का भरण-पोषण होता है। उनका आरोप है कि पहले भी उनकी कई दुधारू गाय गायब हो चुकी हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टीम आवारा पशुओं के नाम पर दुधारू गायों को पकड़कर ले जाती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब सात बजे नगर निगम की टीम वार्ड संख्या-35 के कलेक्ट्री मोहल्ले में पहुंची और तीन सांड व चार गायों को पकड़कर ट्रक में लाद लिया। इसी दौरान लोगों ने अपनी गायों को पहचान लिया और विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने ट्रक की चाबी भी अपने कब्जे में ले ली। बाद में अधिकारियों ने जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया। शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन ने बताया कि सभी को लोगों को समझाकर शांत कराया गया। जिनकी गाय थी उनको दे दी गई।