गोरखपुर। शहर के व्यस्त बाजारों में पार्किंग की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। नगर निगम ऐसे व्यस्त बाजारों के आसपास चार से पांच स्थानों पर मिनी पार्किंग स्थल विकसित करने की तैयारी कर रहा है। ऐसे स्थानों पर करीब 1,000 वर्गफुट क्षेत्रफल वाली उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। योजना साकार होने पर लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और बाजार के नजदीक ही पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी।
नगर निगम की योजना के अनुसार प्रत्येक मिनी पार्किंग में 10 से 15 छोटी और बड़ी गाड़ियां खड़ी की जा सकेंगी। इससे सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगेगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और बाजार आने वाले लोगों को भी काफी सहूलियत मिलेगी। शहर के कई प्रमुख बाजारों में पार्किंग के अभाव में लोग सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने को मजबूर हैं। इससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। मिनी पार्किंग बनने के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि मिनी पार्किंग के निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने का काम चल रहा है। जमीन मिलते ही प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर निर्माण प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस योजना को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।