- नगर निगम की नवगठित कार्यकारिणी समिति की पहली और 15वीं बैठक में होगा तय
- तीन दावेदारों पर नजर, मुख्यमंत्री पर टिकी निगाहें
गोरखपुर। नगर निगम की नवगठित कार्यकारिणी समिति की पहली और 15वीं बैठक बृहस्पतिवार को पूर्वांह्न 11 बजे नवनिर्मित भवन के कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित होगी। बैठक का सबसे अहम एजेंडा कार्यकारिणी समिति के उपसभापति का चुनाव है, जिस पर सभी की निगाहें मुख्यमंत्री पर टिकी हैं। इसके अलावा पिछली बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि और अनुपालन आख्या पर भी चर्चा होगी।
हालांकि, उपसभापति पद के लिए सामान्य वर्ग से पार्षद पूनम सिंह, पिछड़ा वर्ग से पार्षद रजुला रावत और अनुसूचित जाति वर्ग से पार्षद राजेश कुमार प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं। तीनों पार्षद अपनी-अपनी दावेदारी का दावा कर रहे हैं। तीनों पार्षद भाजपा से जुड़े होने के साथ मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने के प्रयास में हैं। हालांकि, नगर निगम सदन में विपक्ष अल्पमत में होने के कारण चुनाव की नौबत आने की संभावना नहीं है। परंपरा के अनुसार संगठन जिस नाम पर सहमति देगा, उसी के पक्ष में सदन में हाथ उठाकर उपसभापति का चयन कर लिया जाएगा।
नगर आयुक्त अजय जैन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बैठक में डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, कार्यकारिणी समिति के सदस्य और संबंधित विभागाध्यक्ष मौजूद रहेंगे। बैठक की शुरुआत 12 जून को हुई 14वीं बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से होगी। इसके बाद उपसभापति का चुनाव कराया जाएगा। साथ ही, 21 अप्रैल को आयोजित 13वीं बैठक के निर्णयों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की जाएगी।
कार्यकारिणी में शामिल हैं ये सदस्य
16 जुलाई को नवगठित कार्यकारिणी में भाजपा से राजेश कुमार, रितेश सिंह, आनंद कुमार साहनी, आरती सिंह, राजेंद्र कुमार तिवारी, अशोक कुमार मिश्र, रामगति निषाद, पूनम सिंह, मीरा यादव और रंजुला रावत सदस्य हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी से चंद्रभान प्रजापति, जिलाउल इस्लाम भी कार्यकारिणी सदस्य हैं।