- मुख्यमंत्री करेंगे 50 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए एक और नया प्राइवेट वार्ड मिलेगा। पुराने प्राइवेट वार्ड को ध्वस्त कर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया प्राइवेट वार्ड बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी हफ्ते मेडिकल कॉलेज में 50 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसमें प्राइवेट वार्ड परियोजना भी शामिल है।
इन योजनाओं का करेंगे लोकार्पण
मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में पहले पीडियाट्रिक कैंसर वार्ड का मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री काॅलेज में बने मेडिकल रिसर्च यूनिट का भी लोकार्पण करेंगे। इसका संचालन आईसीएमआर की मदद से हो रहा है। इसके निर्माण में करीब दो करोड़ की लागत आई है, जबकि कैंसर वार्ड के निर्माण में एक करोड़ रुपये लगे हैं।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल ने बताया कि इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल रोग चिकित्सा संस्थान में बने मॉड्यूलर ओटी का भी लोकार्पण करेंगे। इस ओटी के निर्माण में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत आई है। यह बच्चों की पहली डेडीकेटेड ओटी होगी, जहां सिर्फ बच्चों की ही सर्जरी होगी। इसके लिए 500 बेड चिकित्सा संस्थान में पीडियाट्रिक सर्जन की तैनाती कर दी गई है।