गोरखपुर। मौसम साफ रहने के कारण तापमान में वृद्धि जारी है। तापमान चढ़ने के कारण दोपहर की धूप अब बर्दाश्त नहीं हो रही। फरवरी में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।
फरवरी महीने का औसत तापमान अधिकतम 26.0 और न्यूनतम 11.8 रहता है। इसके अलावा 30.3 डिग्री तक अधिकतम तापमान पहुंचता है। रविवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। फरवरी के औसत तापमान और वर्तमान में मौसम साफ रहने की वजह से यह माना जा रहा है कि इस महीने के शेष बचे दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होगी।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक टीबी सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 15.7 डिग्री का अंतर रहा। अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है।