जंगल कौड़िया। 26 अक्तूबर को अकटहवा पुल पर हुए गैंगवार के दो सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है, जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि दो गैंग के मुख्य आरोपी नेपाल बॉर्डर के गांव में छिपे हो सकते हैं।
अकटहवा पुल पर हुए गैंगवार के बाद पुलिस का दबाव बढ़ते ही कई नामजद आरोपी नेपाल भाग चुके हैं। सूत्रों के अनुसार ग्राम सभा बुढ़ेली और नरकटहा खुर्द के कुछ युवक नेपाल में रहते हैं, जहां आरोपियों के छिपे होने की आशंका है। दोनों गैंग के मुख्य आरोपियों के बॉर्डर के गांवों में छिपने की आशंका है। हालांकि पुलिस टीम हाल ही में आरोपियों की तलाश में नेपाल भी गई थी, लेकिन वहां से खाली हाथ लौट आई।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस शहरों में दबिश दे रही है, जबकि अपराधी सीमावर्ती गांवों में मजदूरी कर छिपे हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के बैंक खाते होल्ड करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके मोबाइल नंबर बंद करने के लिए टेलीकॉम कंपनियों को सूचित किया गया है। जांच की गति तेज कर दी गई है।