गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र में परिवारवालों को रात के खाने में नींद की गोलियां मिलाकर प्रेमी से मिलने वाली प्रेमिका मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस को आरोपी प्रेमी की लोकेशन गुजरात में मिली है। लोकेशन मिलने के बाद दो टीमें गुजरात रवाना हो गई हैं।
किशोरी पर आरोप है कि उसने प्रेमी के इशारे पर अपने माता-पिता और दादी को खाने में नींद की गोलियां मिलाकर मिलने की योजना बनाई। पुलिस की जांच में पर्दाफाश हुआ कि किशोरी के प्रेमी ने पिछले एक साल से उसे मानसिक रूप से प्रभावित किया और रात में मिलने के लिए दवा का इस्तेमाल करवाया।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, एक महीने पहले युवक ने किशोरी को अल्प्राजोलम टैबलेट देना शुरू किया। किशोरी टैबलेट को रैपर से निकालकर रात के खाने में डालती थी। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले प्रेमी से मिलने जाती थी। घटना का भेद तब खुला जब पिता ने बेटी के व्यवहार में बदलाव देखा। खाने के तुरंत बाद परिवार के सदस्यों को नींद आने लगी। पिता ने पत्नी और दादी के साथ मिलकर तीन जनवरी की रात सोने का नाटक किया और बेटी का पीछा किया। करीब 200 मीटर दूर जाकर पिता ने देखा कि बेटी युवक के घर जा रही थी।
गुलरिहा थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ छेड़खानी, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला खुलने पर आरोपी गुजरात भाग गया। जहां वह पेंट पॉलिस का काम करता है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर उसकी खोज शुरू कर दी है।