गोरखपुर। चिलुआताल घाट को पर्यटन की दृष्टि से और विकसित करने की दिशा में पर्यटन विभाग ने पहल तेज कर दी है। घाट की लंबाई बढ़ाने के साथ ही इसे महेसरा पुल के पास गोरखपुर-सोनौली फोरलेन सड़क से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है ताकि यहां आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, चिलुआताल घाट शुभारंभ से पहले ही प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व के कारण पहले से ही लोगों को आकर्षित करता रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत घाट का विस्तार कर पक्का एवं सुरक्षित मार्ग तैयार किया जाएगा और फोरलेन से कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी ताकि फाेरलेन से पर्यटक चिलुआताल घाट की तरफ आकर आनंद ले सकें।
पर्यटन विभाग का मानना है कि यह योजना लागू होने के बाद चिलुआताल घाट तक पहुंचने का एक बेहतर विकल्प मिलेगा और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यापारियों और आसपास के निवासियों को भी आर्थिक लाभ होने की उम्मीद है। उप निदेशक पर्यटन राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि परियोजना की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
चिलुआताल घाट का निर्माण पूरा, उद्धाटन का इंतजार
चिलुआताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 20 करोड़ 39 लाख रुपये की परियोजना को मूर्त रूप दिया गया है। कार्यदायी संस्था के रूप में यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से कराए गए कार्यों में 570 मीटर पाथवे निर्माण, 70 मीटर तक घाट के सीढ़ियों का निर्माण, ताल किनारे रेलिंग, सोलर लाइट, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, बेंच, एप्रोच रोड, बोल्डर पिचिंग, दुकान, शौचालय, फिडींग रूम जैसे बुनियादी कार्यों के अलावा कार्य भी पूरे हो चुके हैं। जल्द ही इसका शुभारंभ हो सकता है।