गोरखपुर। जबरन वसूली और धमकी के एक मामले में वांछित आरोपी की तलाश हरियाणा से गोरखपुर तक पहुंच गई है। करनाल पुलिस न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) लेकर बुधवार शाम गोरखपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, करनाल के सेक्टर-32/33 थाने में 11 जून को जबरन वसूली और धमकी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में नौ लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि रामगढ़ताल थाने में दर्ज जालसाजी के एक मुकदमे के आरोपी को ब्लैकमेल कर उससे रुपये की मांग की गई और धमकियां दी गईं।
जांच में सामने आया है कि मुकदमे में वादी के साथ-साथ उस प्रकरण की विवेचना कर रहे चौकी प्रभारी का नाम भी शामिल है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल चौकी प्रभारी की भूमिका को लेकर कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। जांच के दौरान रामगढ़ताल थाने में दर्ज जालसाजी के एक एफआईआर से मामले के तार जुड़ने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
करनाल पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाने के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि कथित ब्लैकमेलिंग और वसूली की साजिश में किस व्यक्ति की क्या भूमिका रही।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि करनाल पुलिस की टीम गैर जमानती वारंट के आधार पर गोरखपुर आई है। स्थानीय पुलिस हर स्तर पर सहयोग कर रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।