गोरखपुर। उनवल उपकेंद्र क्षेत्र के बेलुडीहा गांव में आटा चक्की की दुकान के भीतर ट्रांसफार्मर को अवैध रूप से छिपाने और गंगटही उपकेंद्र से जुड़े सिसवा गांव में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर पांच पोल के सहारे करीब 120 मीटर लंबी एलटी लाइन बिछाने के मामले में जांच दस दिन बाद भी पूरी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, गंगटही उपकेंद्र से जुड़े सिसवा गांव में बिना अनुमति ट्रांसफार्मर स्थापित कर नई लाइन बिछाए जाने के मामले में 17 दिसंबर को अधीक्षण अभियंता द्वितीय दीपक कुमार ने मौके पर जांच की थी, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई थी। इसके बावजूद अब तक जांच पूरी नहीं हो पाई है। इससे पहले खजनी क्षेत्र के बेलुडीहा गांव में एक आटा चक्की के अंदर ट्रांसफार्मर छिपाकर रखे जाने का मामला सामने आया था। बताया गया कि ट्रांसफार्मर को लगभग तीन महीने तक अवैध रूप से वहां रखा गया और मामला उजागर होने के अगले दिन उसे चुपचाप उपकेंद्र पर पहुंचा दिया गया। इस प्रकरण की भी अलग से जांच चल रही है। जांच अधिकारी और अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की जांच जारी है। दो दिनों के भीतर जांच पूरी कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।