- नौ नवंबर को पडरौना में शैलेंद्र हो गया था सड़क हादसे में घायल, पिता ने मेडिकल कॉलेज चौकी में दी है तहरीर
- एंबुलेंस चालक ने भरोसे में लेकर गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में कराया था भर्ती
- 15 दिन में छह लाख का बिल बनाने के बाद भी सुधार नहीं तो मेडिकल कॉलेज किया रेफर
गोरखपुर। सड़क हादसे में घायल पडरौना के शैलेंद्र के इलाज में गोरखपुर के निजी अस्पताल ने 15 दिन में छह लाख का बिल बनाने के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। उसका इलाज प्राचार्य की निगरानी में चल रहा है। इस बीच मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। गुलरिहा थाने में तहरीर दी गई है लेकिन पुलिस ने अब तक केस दर्ज नहीं किया है।
बीते नौ नवंबर को पडरौना निवासी शैलेंद्र कस्बे में ही सड़क हादसे में घायल हो गया था। परिजन इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। इसी दौरान गोरखपुर के एक निजी अस्पताल के एंबुलेंस चालक ने उन्हें भरोसे में लेकर वहां भर्ती करा दिया। शैलेंद्र के पिता विशुन ने आरोप लगाया कि 15 दिन इलाज के दौरान अस्पताल ने छह लाख रुपये का बिल बनाया। उसके बाद भी सुधार नहीं होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टर का कहना है कि तबीयत में कुछ सुधार हुआ है।
इस संंबंध में गुलरिहा थाना प्रभारी विजय सिंह का कहना है कि जहां घटना घटित हुई है प्राथमिकी वहीं दर्ज होगी। घायल के पिता से कहा गया है कि पडरौना में तहरीर दें।