गोरखपुर। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक किशोर के लिए जानलेवा साबित हो गया। गीडा थाना क्षेत्र के बरवार गांव के पास राप्ती नदी में नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। रविवार शाम एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी के बाद उसका शव बरामद किया।
राजघाट थाना क्षेत्र के रहमत नगर निवासी फूजैल रहमान रविवार दोपहर अपने छोटे भाई अरहम रहमान और दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फूजैल नहाते समय मोबाइल से रील बना रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। साथियों ने शोर मचाते हुए उसे बचानेका प्रयास किया, लेकिन वह लापता हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने शाम को किशोर का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, फूजैल ने हाल ही में हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उसके पिता शाबिब रहमान नौगढ़ में शिक्षक हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
ग्रामीणों का कहना है कि राप्ती नदी का किनारा इन दिनों युवाओं के लिए रील और सेल्फी का आकर्षण बन गया है। कई बार यह लापरवाही हादसों का कारण बन रही है।