फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: रसूलपुर चकिया में घर में घुसकर लूट, दो युवतियों को बनाया बंधक

विज्ञापन
विज्ञापन
जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। पीपीगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर चकिया गांव में मंगलवार रात करीब दो बजे चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर दो युवतियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। आरोप है कि विरोध पर दोनों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे जेवर और 40 हजार रुपये नकद लूटकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और प्राथमिकी दर्ज कर ली। मामले की जांच के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं।
विज्ञापन

रसूलपुर चकिया निवासी बलिराम साहनी गांव के किनारे नया मकान बनाकर रहते हैं। करीब 10 दिन पहले तबीयत खराब होने पर वह पत्नी और बेटे के साथ इलाज कराने गुजरात के राजकोट गए थे। मंगलवार रात घर में उनकी बहू प्रमिला (28), रोशनी (24) और प्रमिला के दो छोटे बच्चे थे। आसपास के घर भी काफी दूरी पर हैं।
पीड़ित प्रमिला के अनुसार, वह बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान बदमाश सीढ़ी के जीने की दीवार की ईंटें निकालकर घर में दाखिल हुए। आरोप है कि बदमाशों ने उनके मुंह पर तकिया रखकर दबाने की कोशिश की। शोर मचाने पर मारपीट करते हुए बदमाशों ने लॉकर की चाबी मांगी। चाबी मिलने के बाद उन्होंने घर में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

पीड़ित प्रमिला और रोशनी के मुताबिक, चार बदमाशों में दो ने चेहरे ढक रखे थे जबकि दो बिना नकाब के थे। एक बदमाश ने प्रमिला पर तमंचा तान रखा था, जबकि दूसरे ने रोशनी पर हंसिया लगा रखा था। दो अन्य बदमाश बक्से और अलमारी से सामान निकालते रहे। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों युवतियों के शरीर पर पहने जेवर भी उतरवा लिए। रोशनी ने फोन करने की कोशिश की तो बदमाशों ने मोबाइल पटककर तोड़ दिया। प्रमिला ने अपना मोबाइल छिपा लिया था। करीब साढ़े तीन बजे बदमाश मुख्य दरवाजे से निकलकर बाइक से भाग गए।


छिपाए मोबाइल से भाई को दी सूचना
बदमाशों के जाने के बाद रोशनी ने छिपाए गए मोबाइल से राजकोट में रह रहे अपने भाई मोहित साहनी को घटना की जानकारी दी। मोहित ने गांव के युवकों को फोन कर घर पहुंचने को कहा। ग्रामीणों के पहुंचने तक बदमाश भाग चुके थे। सूचना पर पीपीगंज पुलिस करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रार्थना पत्र के अनुसार, बदमाश दो झुमके, दो मंगलसूत्र, एक पायल, एक पाजेब, छह नथिया, एक बाली, हाथ का पलानी, एक हार और 40 हजार रुपये नकद लूट ले गए। सुबह करीब सात बजे फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक जांच की। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए। इस दौरान घर के अंदर किसी को जाने नहीं दिया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की पहचान में जुटी है।


थाने से लौटते समय हादसा
घटना की जानकारी देने के बाद रोशनी अपनी चाची गीता देवी और चचेरे भाई के साथ पीपीगंज थाने गई थीं। वहां से लौटते समय सुबह करीब सात बजे गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर गोलीगंज के पास सड़क पर पड़ी गिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में रोशनी के हाथ में चोट आई, जबकि गीता देवी भी घायल हो गईं। दोनों को पहले सीएचसी जंगल कौड़िया ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन बाद में उन्हें निजी अस्पताल ले गए।


बोले अधिकारी
मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पांच अधिकारियों की टीम बनाकर जांच-पड़ताल की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

- अनुराग सिंह, सीओ कैंपियरगंज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें