गीडा। गीडा थाना क्षेत्र के गाहासाड़ गांव में नौ अक्तूबर की रात घर में घुसे चोर 12 हजार रुपये नकद, स्मार्टफोन, बैंक की चेकबुक, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर भाग गए। तलाश के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर ईंट भट्ठे की ओर जाने वाली सड़क पर एक अपाचे बाइक मिली। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पिपरौली चौकी क्षेत्र के गाहासाड़ निवासी ज्ञानचंद यादव के अनुसार रात करीब एक बजे चोर घर में घुसकर बेडरूम तक पहुंच गए। इसी दौरान उनके पिता की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाकर बेटे को जगाया, लेकिन तब तक चोर सामान लेकर भाग चुके थे। इसके बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने आसपास तलाश की तो घर से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी मिली। पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो बरामद बाइक भी चोरी की निकली। पुलिस उसे कब्जे में लेकर पिपरौली चौकी ले गई।
ज्ञानचंद का कहना है कि चोरी गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर दूसरी ओर से बात करने वाले लोग बाइक चोरी होने की बात कह रहे थे और उसे ले जाने को कह रहे थे। पीड़ित ने प्रार्थना पत्र गीडा पुलिस को सौंपा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।