- सहजनवां थाना क्षेत्र का मामला, महिला की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
सहजनवा। सहजनवां थाना क्षेत्र में मकान दिखाकर एक युवक ने फर्जी दस्तावेज से दो बैंकों से ऋण लिया। फिर उस संपत्ति को बेचकर गायब हो गया। ऋण जमा नहीं करने पर जब फाइनेंस कंपनी मकान सील करने पहुंची तो फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ। भगौरा निवासी कमला देवी की तहरीर पर पुलिस ने सर्वेश कुमार, उसके पिता रामअचल सिंह और मां सुनीता सिंह समेत फाइनेंस कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी पर जालसाजी की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमला देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के सर्वेश कुमार से मकान खरीदने का सौदा हुआ था। सर्वेश ने बताया कि उसकी संपत्ति पर बैंक का कर्ज है, जिसके जमा करने के बाद वह बैनामा करेगा। आरोपी ने रकम लेने से पहले अपने माता-पिता के सहयोग से फर्जी कागजात तैयार किए फिर एसएमएफजी इंडिया होम फाइनेंस लिमिटेड के कर्मचारी व अधिकारियों से मिलकर ऋण ले लिया। इसके बाद उसने तय रकम लेकर फर्जी कागजात के आधार पर मकान का बैनामा कर दिया। कब्जा दिलाने की बात पर टाल-मटोल करता था। इसी बीच जानकारी मिली कि ऋण जमा नहीं होने पर फाइनेंस कंपनी ने मकान को सील कर दिया है। थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर सर्वेश कुमार, उसके पिता रामअचल सिंह और मां सुनीता सिंह समेत फाइनेंस कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।