- दो वर्ष की तैनाती में ग्रामीण और सामुदायिक क्षेत्रों में संभालेंगे स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी
गोरखपुर। जिले में शासन से दो वर्ष के बॉन्ड पर तैनात किए गए 59 नवागत चिकित्सकों का स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मेडिको लीगल प्रक्रिया और विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। सभी चिकित्सक अगले दो वर्षों तक जिले में समुदाय के बीच सेवाएं देंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सकों को अपनी गरिमा बनाए रखते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करानी हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ बेहतर व्यवहार करना चिकित्सा सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चिकित्सकों को समय से अस्पताल पहुंचकर निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। सीएमओ ने बताया कि बॉन्ड पर आए 10 चिकित्सकों ने पहले ही कार्यभार ग्रहण कर लिया था जबकि 49 चिकित्सकों ने मंगलवार को ज्वाइन किया। सभी 59 चिकित्सकों का एक साथ प्रशिक्षण कराया गया, ताकि वे क्षेत्र में बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय पांडेय, डॉ. नंदलाल कुशवाहा, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।