घर से किसी बात पर नाराज होकर रेलवे स्टेशन पर खुदकुशी के लिए पहुंची युवती को जीआरपी के जवानों ने बचा लिया। इससे पहले युवती ने परिजनों को रेलवे स्टेशन पर खड़े होकर वीडियो बनाकर भेजा। परिजनों ने सूचना जीआरपी कंट्रोल रूम लखनऊ को दी। कंट्रोल रूम ने गोरखपुर जीआरपी को जानकारी दी तो जवान तत्काल पहुंच गए और युवती को खुदकुशी करने से बचा लिया।
जीआरपी कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी आशुतोष मिश्रा, मुख्य आरक्षी सिकंदर प्रसाद, मुख्य आरक्षी आशुतोष सिंह के साथ तत्काल वीडियो में दिख रहे स्थान पर पहुंचे। हालांकि युवती वहां नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल युवती के परिजनों से युवती का मोबाइल नंबर लेकर ट्रैक किया तो थोड़ी दूर पर लोकेशन मिला। युवती प्लेटफाॅर्म की आखिरी छोर पर ट्रैक के बीच में खड़ी होकर ट्रेन आने की प्रतीक्षा कर रही थी। टीम तत्काल वहां पहुंची और युवती को खुदकुशी से बचा लिया।