पिपराइच रेलवे स्टेशन भवन की छत पर हरे रंग का गुंबद, विरोध पर हटाया
पूर्व सभासद ने अधिकारियों को लिखा पत्र, तब सक्रिय हुआ प्रशासन
पिपराइच (गोरखपुर)। पिपराइच रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन की छत पर हरे रंग का गुंबद चर्चा का विषय बन गया है। इसे एक वर्ग की भावना के विपरीत बताते हुए पिपराइच के पूर्व सभासद सुभाष चंद सिंह ने रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखकर हटवाने की मांग की। हालांकि रेल प्रशासन ने सोमवार की देर शाम एस्बेस्टस शीट से बने गुंबद को हटवा दिया।
पूर्व सभासद ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, रेल मंत्री, मुख्यमंत्री, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के प्रबंधक, पिपराइच स्टेशन मास्टर को भेजे गए शिकायत पत्र में आराेप लगाया गया कि गुंबद को हरे रंग का बनाया गया है। यह आपत्तिजनक है। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। कभी भी सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर एक माह के अंदर गुंबद नहीं हटाया गया तो 16 मार्च को पिपराइच रेलवे स्टेशन परिसर व हनुमान मंदिर परिसर में आम जन को लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, विरोध को देखते हुए रेल प्रशासन ने हरे रंगे के एस्बेस्टस शीट हटवाने का निर्णय लिया। देर शाम रेलकर्मियों ने शीट हटवा दिया।
इस मामले में रेल प्रशासन का कहना है कि कुछ लोग हरे रंग पर आपत्ति जता रहे थे, जिसके बाद एस्बेस्टस शीट हटवा दिया गया है।