गोरखपुर। लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। व्रती महिलाएं स्नान कर कद्दू-चावल ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही छठ पूजा शुरू हो जाएगी। शनिवार को खरना होगा, जबकि रविवार को निर्जला व्रत रखकर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य (डूबते हुए सूर्य) को अर्घ्य देंगी। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। बेतियाहाता हनुमान मंदिर के महंत आचार्य राम नारायण त्रिपाठी के अनुसार, इस वर्ष छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को मूल नक्षत्र, धृति योग और रवियोग में हो रही है। पहले दिन व्रती महिलाएं नदी या तालाब में स्नान करने के बाद घर लौटकर कद्दू-चावल तैयार करेंगी।
इस दिन व्रत रखने वाली महिलाएं कद्दू और चावल का प्रसाद ग्रहण करती हैं। भोजन बनाने में शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। लहसुन-प्याज का प्रयोग नहीं किया जाता है। 14 को खरना के दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखेंगी। शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी। 15 नवंबर रविवार को कार्तिक शुक्ल षष्ठी पर निर्जला उपवास रखा जाएगा। शाम 5:24 बजे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
इस दिन रविवार और षष्ठी का संयोग होने के साथ सर्वार्थ सिद्धि योग और रवियोग भी रहेगा। पंडित मिश्र के अनुसार, सर्वार्थ सिद्धि योग में होने वाली पूजा को विशेष फलदायी माना जाता है। 16 नवंबर सोमवार को सुबह 6:37 बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती महिलाएं पारण कर व्रत पूरा करेंगी।