गोरखपुर। सेंट जूड्स स्कूल की मेजबानी में आयोजित सीआईएससीई रीजनल बालिका बास्केटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शनिवार को समापन हो गया। रोमांचक मुकाबलों में मेरठ और गोरखपुर की टीमों का दबदबा देखने को मिला। विजेता, उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं रीजनल कोऑर्डिनेटर डेविड जॉर्ज सिरिल के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न शहरों की टीमों ने हिस्सा लिया। अंडर-14 वर्ग में गोरखपुर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मारी। कानपुर साउथ की टीम उपविजेता रही, जबकि मेरठ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में मेरठ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। आगरा उपविजेता रहा और गोरखपुर ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
इसके अलावा अंडर-19 वर्ग में भी मेरठ की टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहा और उसने फाइनल मुकाबला जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। गोरखपुर की टीम उपविजेता रही, जबकि लखनऊ साउथ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक मिथलेश कुमार शर्मा रहे। समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता, उपविजेता व तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया।