- रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह 09:45 की जगह देर रात 10:30 बजे पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं। शुक्रवार को दिल्ली से आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस साढ़े बारह घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। हालात ऐसे हैं कि दिन की ट्रेनें रात में और रात की ट्रेनें दिन में पहुंच रही हैं। बृहस्पतिवार को बठिंडा से चलकर दिल्ली होते हुए गोरखपुर आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस, दिल्ली में रात 9:20 बजे पहुंचने के बजाय शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे पहुंची। इस लेटलतीफी के कारण 200 से अधिक यात्रियों को पूरी रात प्लेटफॉर्म पर ही बितानी पड़ी। गोरखधाम एक्सप्रेस गोरखपुर शुक्रवार सुबह लगभग 09:45 बजे पहुंचने वाली थी लेकिन साढ़े बारह घंटे की देरी से देर रात करीब 10:30 बजे स्टेशन पहुंची। इसी ट्रेन से दिल्ली से गोरखपुर आने वाले अभिषेक तिवारी, उनकी पत्नी शिवांगी और बच्चों को पूरी रात प्लेटफॉर्म पर गुजारनी पड़ी। उन्हें गोरखपुर पहुंचने के बाद दोपहर में बस पकड़कर अपने घर जाना था लेकिन ट्रेन के रात में पहुंचने के कारण उन्हें बस नहीं मिल सकी और वे मजबूरन पूरी रात प्लेटफॉर्म पर ही रुके रहे।