एम्स थानाक्षेत्र के सोनबरसा बाजार में एक क्लीनिक पर अपनी मां के साथ इलाज के लिए गई युवती से छेड़खानी नहीं, सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। मां ने छेड़खानी का केस दर्ज कराने के बाद मामले में सुलह भी कर लिया था, लेकिन पुलिस ने युवती का बयान कोर्ट में दर्ज कराया। युवती ने खुद के साथ हुई घटना को कोर्ट के सामने बताया, जिसके बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की धारा को बढ़ाते हुए डॉक्टर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान विशुनपुर खुर्द निवासी डॉ. नित्यानंद व पिपराइच के रौसड़ इलाके के बसडीला निवासी कृष्ण नंद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, एम्स थानाक्षेत्र के सोनबरसा बाजार में नहर पर कृष्णा मेडिकल केयर के नाम से अपना क्लीनिक चलाने वाले कृष्णानन्द विश्वकर्मा के यहां पिपराइच इलाके के एक गांव की युवती अपनी मां के साथ पैर में लगे चोट का इलाज कराने तीन दिन पहले गई थी।
कृष्णा विश्वकर्मा ने पैर के इलाज के लिए सोनबरसा में ही क्लीनिक चलाने वाले एम्स थानाक्षेत्र के विशुनपुर खुर्द निवासी कथित डॉक्टर नित्यानन्द यादव को बुलाया। जहां इलाज के बाद युवती के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए युवती की मां ने हंगामा काटा और क्लीनिक पर तोड़फोड़ किया।
युवती की मां ने एम्स थाना पुलिस को अपनी पुत्री के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया। एम्स पुलिस केस दर्ज कर विवेचना सोनबरसा चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपा। विवेचक ने जब युवती का बयान लिया तो युवती ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए अपने बयान में बताया कि क्लीनिक में इलाज करने वाले और संचालक ने उसके साथ बारी बारी से दुष्कर्म किया। युवती के इस बयान के बाद एम्स पुलिस ने दर्ज किए गए केस में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई।
पीड़िता के परिजनों ने कर लिया था समझौता
सोनबरसा क्लीनिक पर इलाज के लिए आई युवती ने अपने बयान में सामूहिक दुष्कर्म होने का बयान दिया है, जबकि घरवालों ने पूरे मामले में समझौता कर लिया था। बताया जाता है कि जिस समय युवती के साथ दुष्कर्म हो रहा था, उसी समय युवती की मां अंदर चली गई और खुद अपनी आंखों से घटना को देख लिया और हंगामा किया।
लेकिन, कुछ लोगों के प्रभाव में आकर युवती की मां ने दुष्कर्म की जगह छेड़छाड़ का आरोप लगाया और मामले को मैनेज करने वालों ने युवती की मां को कुछ धन भी दे दिया जो लाखों रुपये में था। लेकिन, विवेचक के सामने पीड़िता फफक कर रो पड़ी और अपने साथ हुई घटना को अपने बयान में बयां कर दिया।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर युवती का बयान दर्ज कराया है। युवती के बयान के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म की धारा को बढ़ाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।