गोरखपुर में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में 2395 बच्चे निशुल्क पढ़ सकेंगे। प्रवेश के लिए पहले चरण में लाॅटरी के जरिये आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल आवंटित कर दिया गया है। सीटें खत्म होने की वजह से 1344 अभिभावकों को निराशा हाथ लगी।
आरटीई के तहत प्रवेश के लिए पहले चरण में 20 जनवरी को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। 18 फरवरी तक 5343 फाॅर्म बेसिक शिक्षा विभाग को मिले। सत्यापन के दौरान विभिन्न कारणों से 1604 आवेदन निरस्त कर दिए गए, जबकि स्वीकृत 3739 आवेदन पत्रों के सापेक्ष लाॅटरी से 2395 बच्चों को स्कूल का आवंटित किया गया।
बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह के अनुसार आरटीई के तहत प्रथम चरण के लाभार्थियों को स्कूल का आवंटन लाॅटरी के माध्यम से किया गया है। पहले चरण के चयनित लाभार्थियों की सूची बीएसए कार्यालय पर चस्पा कर दी गई है। तीन मार्च से चयनित बच्चों के अभिभावकों को आवंटन पत्र वितरित किया जाएगा, जिसके बाद वे संबंधित स्कूलों में प्रवेश ले सकेंगे।