गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार को प्रशासनिक भवन के सामने हुई कर्मचारी संघ की आमसभा में सितंबर में चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। कर्मचारी संघ का चुनाव 2017 में हुआ था।
आमसभा ने सर्वसम्मति से लेखा अनुभाग के कार्यालय अधीक्षक देशराज सिंह को चुनाव अधिकारी नामित किया है। आमसभा में निर्णय लिया गया कि कर्मचारी संघ भवन की चाबी भी देशराज सिंह को सौंप दी जाएगी, ताकि चुनाव की तैयारियां और पूरी चुनाव प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न कराई जा सके। चुनाव अधिकारी के नाम के एलान के साथ ही कर्मचारी संघ में चुनावी गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है। बैठक में 45वें दीक्षांत समारोह में कर्मचारियों को आमंत्रण पत्र नहीं दिए जाने पर भी नाराजगी जताई गई।