कागज की गड्डी थमाकर 70 हजार ले उड़े जालसाज
गोरखपुर। बैंक रोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा पर रुपये जमा करने गए युवक को कागज की गड्डी थमाकर जालसाज 70 हजार रुपये ले उड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को पुलिस ने बेनीगंज से गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके साथ जा रहा युवक फरार हो गया। फरार युवक पकड़े गए युवक का रिश्तेदार है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार के रहने वाले कपिल मद्धेशिया (25) पिछले पांच साल से बुढ़िया माता मंदिर के पास एक गांव में रह रहे हैं और नारियल पानी के दुकानदारों को थोक सामग्री मुहैया कराते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे वह बैंक रोड स्थित एसबीआई मुख्य शाखा में 70 हजार रुपये जमा करने गए थे। यहां वह जमा काउंटर पर लाइन में लगे थे। इसी दौरान दो युवक उनसे फुटकर मांगने लगे। मना करने पर जरूरी काम होने की दुहाई दी और उनके एक लाख रुपये रखकर 70 हजार रुपये फुटकर देने को कहा। कपिल उनके झांसे में आ गए और अपने रुपये उन्हें दे दिए। रुपये लेकर युवक बैंक से फरार हो गए। कपिल ने रुमाल में लिपटी गड्डी को खोलकर देखा तो उसमें ऊपर और नीचे पांच-पांच सौ के नोट और बीच में कागज थे। कपिल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन की।
आरोपित के पास से नशे का पाउडर बरामद
घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने एक आरोपित तिवारीपुर के मेडिकल नगर सूर्य विहार डोमखाना निवासी करन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कपिल को बुलाकर जालसाज की पहचान कराई और सीसीटीवी फुटेज से भी उसकी पहचान की। करन के पास से पुलिस ने 160 ग्राम नशे का पाउडर बरामद किया। करन के विरुद्ध जालसाजी, विश्वास हनन व एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर उसे जेल भिजवा दिया गया। सीओ कोतवाली ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि जालसाजों की संख्या तीन थी। एक बैंक के बाहर खड़ा था और दो अंदर गए थे। पकड़े गए युवक के दोनों साथी फरार हो गए। फरार आरोपितों में एक करन का जीजा तो दूसरा मित्र है। रुपये उनके ही पास हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।