गोरखपुर। कुसम्ही जंगल में फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले इंजीनियर प्रदुम्मन यादव का शव शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर शव पहुंचते ही परिवार के लोग बिलख पड़े। दोपहर बाद परिजन शव लेकर कुशीनगर रवाना हो गए।
कुशीनगर जिले के स्वामी विवेकानंद नगर निवासी प्रदुम्मन यादव (33) भोपाल में नौकरी करते थे। बृहस्पतिवार शाम उन्होंने कुसम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माता मंदिर के पास फंदा लगाकर जान दे दी थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी और उसे व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया था। वीडियो में प्रदुम्मन ने खुद को जिंदगी से हार चुका बताते हुए पत्नी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। साथ ही बड़े भाई से माफी मांगते हुए माता-पिता का ध्यान रखने की अपील की थी। वीडियो देखने के बाद परिवार के लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि वह जंगल में आत्महत्या करने जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजनों ने आरोप लगाया कि बहू अर्पिता की वजह से प्रदुम्मन लंबे समय से मानसिक तनाव में था। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो को सुरक्षित कर लिया गया है। युवक का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।