गोरखपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को देखते हुए परिवहन निगम ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी की है। एक से चार जुलाई तक चार दिनों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए गोरखपुर परिक्षेत्र से करीब 350 बसें संचालित करने की योजना बनाई गई है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
परिवहन निगम की ओर से अयोध्या, सुल्तानपुर, लखनऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इससे परीक्षा देने जिले में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को बसों में यात्रा करने में काफी सहूलियत मिलेगी। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाने की भी व्यवस्था रखी गई है, जिससे अभ्यर्थियों को लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े।
क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि टीईटी को लेकर निगम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया गया है। बसें चलने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।