गोरखपुर। गोरखपुर में हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित करने की मांग के लिए मंगलवार को कायस्थ सेना ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर सुनील श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कचहरी चौराहे से जुलूस निकालकर मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर गोरखपुर में हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित करने की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हाईकोर्ट की खंडपीठ की स्थापना जनहित का मुद्दा है। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगले चरण में मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष कमल श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि गोरखपुर मंडल के लोगों को प्रयागराज जाने में काफी परेशानी होती है। दूरी अधिक होने के कारण कई लोग न्याय पाने से वंचित रह जाते हैं। इसलिए गोरखपुर में हाईकोर्ट की खंडपीठ की स्थापना जरूरी है। इस दौरान राजीव अस्थाना, अनुपम रायजादा, प्रदीप श्रीवास्तव, बजरंगी लाल, आदर्श श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।