नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, टूटे ग्रिल और सीढ़ियों की होगी मरम्मत, नगर निगम सीमा तक सड़क की पटरी पर बनेगा इंटरलॉकिंग ट्रैक
गोरखपुर। नौसढ़ से लखनऊ रोड स्थित बंधे को नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने सुंदरीकरण की योजना तैयार की है। नगर आयुक्त अजय जैन ने बुधवार को बंधे का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए। बंधे के ऊपरी हिस्से की सफाई के साथ टूटी ग्रिल और क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत कराई जाएगी। पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए नगर निगम सीमा तक सड़क की पटरी पर इंटरलॉकिंग कराई जाएगी।
नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी ओपी यादव को पूरे बंधे की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऊपरी हिस्से की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को टहलने के लिए साफ रास्ता मिल सके। सफाई के बाद बंधे की दूसरी ओर सुरक्षा के लिए रेलिंग भी लगाई जाएगी। मुख्य अभियंता अमित शर्मा को टूटी ग्रिल और क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। मरम्मत के बाद सीढ़ियों की रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी। यह काम राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के तहत होगा।
सुंदरीकरण के तहत बंधे के किनारे हरियाली विकसित की जाएगी। उद्यान विभाग को खरपतवार हटाने और घास की कटाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद किनारे झाड़ियों और हेज के पौधे लगाए जाएंगे। इससे लोगों को टहलने के लिए स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव और प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, जोनल अधिकारी ओपी यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।