गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल महिला प्रतियोगिता में रविवार को चारों क्वार्टर फाइनल और रैंकिंग मैच खेले गए। कोलकाता, सरगुजा, रायपुर और दुर्ग विवि ने क्वार्टर फाइनल में अपने-अपने मैच जीतकर जैन विश्वविद्यालय, बंगलूरू में होने वाली अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया। सोमवार को पूर्वी क्षेत्र का चैंपियन तय होगा।
दिन का पहला क्वार्टर फाइनल मैच कोलकाता विश्वविद्यालय और रावेंशा विश्वविद्यालय, कटक के बीच खेला गया। इस मैच में कोलकाता विवि ने 41-5 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। दूसरा मैच संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा, छत्तीसगढ़ और उत्कल विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर, उड़ीसा के बीच खेला गया। इसमें सरगुजा विवि ने 53-30 के अंतर से जीत दर्ज की।
तीसरा मैच पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर और काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में रायपुर विवि ने 36-28 से जीत दर्ज की। चौथा मैच हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग, छत्तीसगढ़ और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के बीच खेला गया। दुर्ग विवि ने 45-36 से यह मैच जीत लिया।
इस जीत के साथ ही चारों टीमों ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया। इसके अलावा ये टीमें अगले सत्र में होने वाली पूर्वी क्षेत्र प्रतियोगिता में सीधे क्वार्टर फाइनल खेलने उतरेंगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान के लिए रविवार को मैच शुरू हो गया। इसके तहत चारों टीमें एक दूसरे से एक-एक मैच खेलेंगी। उसके आधार पर रैंकिंग तय होगी।
रविवार को पहला रैंकिंग मैच संत गहिरा गुरु विवि, सरगुजा और पं. रविशंकर शुक्ल विवि, रायपुर के बीच खेला गया। इसमें सरगुजा विवि ने 63-38 के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरा मैच कोलकाता विवि और हेमचंद यादव विवि, दुर्ग के बीच खेला गया। इसमें हेमचंद विवि ने 73-61 के अंतर से जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिता का सबसे उच्च स्कोरिंग मैच रहा।
सोमवार को शेष चार रैंकिंग मैच खेले जाएंगे। मैच सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे। दोपहर दो बजे से समापन समारोह आयोजित होगा। इसमें मुख्य अतिथि एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता चारों टीमों को ट्रॉफी, मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगी।