गोरखपुर। सदर तहसील के दो राजस्व न्यायालयों का अधिवक्ता दो माह से बहिष्कार कर रहे हैं। दोनों न्यायालयों में विवादित पत्रावलियों की सुनवाई नहीं हो रही है। परेशान लोग पत्रावलियों को दूसरे न्यायालयों में भेजने के आवेदन कर रहे हैं।
जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन ने 20 फरवरी को दोनों न्यायालयों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बहिष्कार शुरू कर दिया। इस मामले में बार एवं बेंच के बीच समन्वय स्थापित नहीं हो पा रहा है। तहसील सदर के दोनों महिला नायब तहसीलदारों की पत्रावलियों में बैनामा, वसीयत, वरासत एवं दान के मामले में नामांतरण के सुनवाई नहीं हो रही है। इससे फरियादियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील सदर में नायब तहसीलदार पिपराइच एवं सदर के न्यायालय का बहिष्कार किया है।
इस संबंध में एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने कहा कि दोनों राजस्व न्यायालयों के संचालन के लिए जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से वार्ता की जा रही है। जल्द ही न्यायालयों का संचालन शुरू होगा।