मृतक सिपाही की फाइल फोटो और भरभराकर गिरी दीवार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कार्मल स्कूल, सिविल लाइंस की तरफ मंगलवार को वन विभाग की जर्जर चहारदीवारी( दीवार) भरभराकर गिर गई। बताया जा रहा है कि इस ढ़ही दीवार में दबकर कुछ राहगीर घायल हो गए। जबकि हादसे में एडीएम नगर के गनर की मौत हो गई। मौके पर पहुंचीं पुलिस ने सड़क से ईंट हटवाकर अवागमन चालू कराया।
कार्मल स्कूल में पीटीएम होने से अभिभावक अपने बच्चों को लेकर इस मार्ग से आ जा रहे थे। वहीं, कुछ लोगों ने बाइक खड़ी कर बच्चों का स्कूल से आने इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सुबह 10 बजे के करीब वन विभाग की चहारदीवारी भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।
वहीं, बस्ती के पिकौरा गांधीनगर निवासी विक्रम प्रसाद पर चहारदीवारी गिरने से वह पेट के बल नीचे गिर गए। इसके बाद उनके शरीर पर जर्जर दीवार की ईंटें गिर गईं और उन्हें गंभीर चोटें आ गई। बाएं पैर की कई हड्डी टूट गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से युवक को एंबुलेंस से मेडिकल कालेज भिजवाया।
अन्य घायलों को जिला अस्पताल भिजवाकर उपचार कराया जा रहा है। चौकी प्रभारी गोलघर अवनीश पांडेय ने बताया कि बस्ती के विक्रम प्रसाद को ज्यादा चोटें आई थी। मेडिकल चौकी प्रभारी की मौजूदगी में उनका उपचार चल रहा था। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वह वर्तमान में एडीएम के गनर थे। वन विभाग के नगर रेंजर दिनेश चौरसिया ने बताया कि चहारदीवारी के पुन: निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था।