बीआरडी मेडिकल कॉलेज में गायनी, पीडिया और एनेस्थीसिया विभाग में बुधवार को फिर से मरीजों को देखने का सिलसिला शुरू हो गया है। एनेस्थीसिया के डॉक्टरों ने सुबह में आठ ऑपरेशन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा किए। यह ऑपरेशन गायनी, आर्थोपेडिक और जनरल सर्जरी विभाग के मरीजों के हुए।
इन सभी मरीजों को पहले से ही ऑपरेशन की तिथि दी गई थी। इसके अलावा इमरजेंसी में भी ऑपरेशन हुए। एनेस्थीसिया के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नरेंद्र देव ने बताया कि विभाग में हर चार घंटे पर सैनिटाइज होता रहा।
बताया कि बुधवार को प्राचार्य ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान विभाग के गतिविधियों की पूरी जानकारी भी ली है। गायनी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.वाणी आदित्य पूरे दिन ड्यूटी करती रही। उनके साथ एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुधीर गुप्ता मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि बुधवार को सिर्फ 12 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। मरीजों के इलाज में कोविड-19 के नियमों का पालन किया जा रहा है। अब तक करीब 200 मरीजों की कोरोना जांच कराई गई है। इसमें पॉजिटिव नहीं मिला है।