गोरखपुर। गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली निगम तार व पोल सहित ट्रांसफाॅर्मर को सुरक्षित करने में लगा हुआ है। रविवार को विभिन्न क्षेत्राें में छोटे-छोटे फॉल्ट में पूरा दिन बीत गया।
पादरी बाजार क्षेत्र के जंगल धूसड़, लक्ष्मीपुर क्षेत्र में दोपहर लगभग एक बजे बिजली कटौती कर तार पर सटने वाली पेड़ की डालियों की छंटाई करवाई गई। इससे आए दिन तार सटने से होने वाले फाॅल्ट से छुटकारा मिल सके। लगभग तीन घंटे तक 15 जगहों पर कार्य किया गया। शाम लगभग चार बजे के आसपास बिजली आपूर्ति बहाल की गई। पादरी बाजार उपकेंद्र के जेई विजय सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को फाॅल्ट से छुटकारा दिलाने के लिए डालियों की छंटाई करवाई गई है। इससे लगभग 15 हजार उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।