जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में पारिवारिक कलह का मामला सामने आया है। शादी के 25 साल बाद पति ने दूसरी महिला घर में रख ली। पीड़िता के अनुसार, 25 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। उसके पति गोरखपुर में ठेकेदारी का काम करते समय किसी अन्य विवाहित महिला के साथ संबंध में आ गए। पति ने उस महिला को जबरन घर में लाकर रखना शुरू किया तो विरोध करने पर उसे व उनके बच्चों को गालियां देते हुए घर से निकाल दिया। पति अब बच्चों को पुश्तैनी जमीन-जायदाद में हिस्सा देने से भी इन्कार कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, बच्चों का गुजारा उनके मायके वालों की मदद से ही चल रहा है, जबकि पति न तो जिम्मेदारी निभा रहे हैं और न ही कोई आर्थिक सहायता दे रहे हैं। थाना प्रभारी पीपीगंज अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।