रिंग रोड: अभी अधूरा है पुलिया का निर्माण, बारिश में कैसे होगा पूरा
रामगढ़ताल में मोहद्दीपुर से पैडलेगंज तक बन रहे रिंग रोड का काम अप्रैल में ही होना था पूरा
समय सीमा गुजरने के बाद भी अभी दो पुलिया समेत 20 प्रतिशत से अधिक का काम है शेष
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल किनारे रिंग रोड के पूरा होने की मियाद अप्रैल में ही पूरा हो गया, लेकिन अब भी दो पुलिया समेत 20 प्रतिशत से अधिक का काम शेष है। मियाद गुजरने के बाद जिम्मेदारों ने कार्यदायी संस्था को जुलाई तक हर हाल में काम पूरा करने का निर्देश दिए थे, लेकिन समय सीमा के अंदर यह काम पूरा होता नहीं दिख रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को रिंग रोड का निरीक्षण की जानकारी ली तो जिम्मेदारों के हाथ-पांव फूल गए थे। मियाद पूरा होने के दो माह बाद भी अधूरे काम के सवाल का वह क्या जवाब देते, यह उन्हें सूझ नहीं रहा था।
रामगढ़ताल के किनारे पैडलेगंज से मोहद्दीपुर स्मार्टव्हील तक 2.66 किलोमीटर एवं स्मार्टव्हील से सहारा इस्टेट तक चार किलोमीटर लंबी टू लेन रिंग रोड का निर्माण 34.23 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल जुलाई में रिंग रोड के निर्माण का शिलान्यास किया। जीडीए ने कार्यदायी संस्थान पीडब्लूडी को निर्माण की जिम्मेदारी दी। मोहद्दीपुर-पैडलेगंज रिंग रोड का निर्माण अप्रैल 2024 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया था। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए कमिश्नर, जीडीए उपाध्यक्ष समय-समय पर निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते रहे, लेकिन निर्माण कार्य पूरा करने की दूसरी मियाद पूरा होने में मात्र एक माह बचा है।
अब तक रिंग रोड पर 20 प्रतिशत से अधिक का काम शेष बचा हुआ है। पैडलेगंज की तरफ शुरुआत में एक तरफ के पुलिया का निर्माण के लिए गड्ढा तो खोद दिया गया, लेकिन यहां निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस बीच गड्ढे में बारिश का पानी भर गया है। रिंग रोड के बीच में बन रही पुलिया के दीवार की ढलाई तो हो गई है, लेकिन छत की ढलाई नहीं हो पाई। इससे बारिश होने से उसमें पानी भर गया है। निर्माणाधीन पुलिया के बीच में पानी भरने से मिक्सर मशीन डूब गई थी। दो दिन से हुई बारिश से जगह-जगह मिट्टी के साथ गिट्टी बालू बह गया है।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12.30 बजे मोहद्दीपुर की तरफ से बाइक से आ रहे नंदानगर निवासी विमलेश ने बताया कि पहले अप्रैल से इस रोड पर फर्राटा भरने का दावा किया गया था, लेकिन अभी लग रहा है कि इसको पूरा होने में दो महीने से अधिक का समय लग जाएगा। उधर से गुजर रहे रानू शाही ने कहा कि अब बारिश का मौसम शुरू हो गया है। जुलाई में काम पूरा होना मुश्किल दिख रहा है।