महावीर छपरा (गोरखपुर)। सेवई उपकेंद्र के धस्की फीडर से जाने वाली 11 हजार वोल्ट की मेन लाइन का खंभा शनिवार शाम करीब 6:10 बजे चेरिया बंधे के पास डंपर की टक्कर से टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत थी कि उस समय कोई आ-जा नहीं रहा था। पोल गिरने से मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। लगभग 13 गांवों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।
जानकारी के अनुसार, मिट्टी लेकर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने चेरिया बंधे के पास सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के पोल में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीमेंट का पोल बीच से टूटकर सड़क के बीचो-बीच गिर गया। खंभा गिरने से बगही, बुलबुलहा, चेरिया, धस्की, चारपानी, सेनुआपार, बेनुआ, टीकर, भीठी, घनसही, देवकली, बेला, कतरारी, अईमा, करजही गांवों की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। गर्मी में बिजली न होने से ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीण नागेंद्र निषाद, मेवा लाल निषाद, रामसमुझ और रविंद्र कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार व बेकाबू डंपरों से आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। संवाद