- 27 तक रहेगा अति घना कोहरा, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
दृश्यता 50 मीटर रहने से हाईवे पर चालकों को जलानी पड़ी हेडलाइटें
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सर्दी का सितम मंगलवार को भी जारी रहा। कोहरे और ठंड की दोहरी मार के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। लोगों को पास में ही दिखाई नहीं दे रहा था। इससे गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। हाईवे पर लोगों को दिन में ही चार पहिया वाहनों की हेड लाइटें जलानी पड़ीं। दोपहर एक बजे के बाद हल्की धूप निकली लेकिन इससे राहत नहीं मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 दिसंबर तक मौसम ऐसे ही रह सकता है, कोहरा पड़ने की संभावना है।
सोमवार की रात 11 बजे के बाद ही कोहरा शुरू हो गया था। मंगलवार को सुबह देर तक कोहरे के कारण गलन बढ़ गई। दोपहर एक बजे के बाद धूप निकली लेकिन उसमें तपिश नहीं थी। वहीं, शाम होते ही गलन बढ़ गई और ठंड ने लोगों को कंपाया। चौराहों पर लोग अलाव तापकर सर्दी का मुकाबला करते रहे। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 16.8 और न्यूनतम 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शीत दिवस घोषित कर दिया।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक टीबी सिंह ने बताया कि 27 दिसंबर तक अति घना कोहरा पड़ सकता है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट (तैयार रहें) जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में मामूली वृद्धि या गिरावट दर्ज की जा सकती है।
-
दिहाड़ी मजदूरों की बढ़ी मुश्किलें
कोहरा और गलन बढ़ने से दिहाड़ी मजदूरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आजाद चौक, घंटाघर, खजांची चौराहे पर काम की तलाश में पहुंचे बहुत से दिहाड़ी मजदूरों को काम नहीं मिला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद वे निराश होकर लौट गए।