- एकला बांध के पास पुराने कूड़े के ढेर का निस्तारण कर बनाया गया ईको पार्क
- वाकिंग ट्रैक और फुटपाथ पर लोग करेंगे मॉर्निंग और इवनिंग वाॅक, योग और ध्यान के लिए अलग स्थान
- पार्क के सामने की सड़क बनी अब फोरलेन, बाघागाड़ा में वाराणसी फोरलेन से जोड़ा गया
गोरखपुर। गोरक्षनगरी को एक और पिकनिक स्पॉट की सौगात मिलने जा रही है। जो एकला बांध कूड़े का पहाड़ बन गया था, वह अब शहर के एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो गया है। यहां ईको पार्क के साथ ही सामने की सड़क को फोरलेन बना दिया गया है, जो बाघागाड़ा में गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन से जुड़ी है। सीएम योगी आदित्यनाथ 23 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे ईको पार्क और फोरलेन सड़क का लोकार्पण करेंगे।
राप्ती नदी पर राजघाट पुल के समीप एकला बांध पर कूड़े का विशाल ढेर पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन गया था। इस लिगेसी वेस्ट में मीथेन गैस उत्सर्जन के कारण कई बार स्वतः आग भी लग जाती थी। दुर्गंध और वायु प्रदूषण आसपास की आबादी के स्वास्थ्य के लिए खतरा बना हुआ था। आसपास के गांवों और कॉलोनियों के लोग बदबू से परेशान थे। अब लोग यहां प्राकृतिक एवं स्वच्छ वातावरण में पिकनिक मनाने आ सकेंगे। यहां वाकिंग ट्रैक और फुटपाथ बनाए गए हैं, जहां लोग मॉर्निंग और इवनिंग वाॅक कर सकेंगे। योग और ध्यान के लिए अलग स्थान हैं। बच्चों के लिए भी सुरक्षित किड्स जोन विकसित किया गया है।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि दशकों से इकट्ठा कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम ने एक कार्ययोजना बनाकर काम शुरू किया और सुखद परिणाम आज सामने है। बायो रेमेडिएशन के माध्यम से नगर निगम ने 2.26 लाख मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट का निस्तारण कराकर 40 एकड़ भूमि को मुक्त कराया। इतने बड़े क्षेत्रफल में जमीन कूड़ामुक्त हुई तो इसे सिटी फॉरेस्ट और ईको पार्क के रूप में विकसित किया गया। इसके अलावा नगर निगम ने ईको पार्क के सामने से होकर बाघागाड़ा तक जाने वाले 2.90 किमी लंबे मार्ग पर फोरलेन सड़क बनवा दिया है। इस फोरलेन सड़क के डिवाइडर पर ग्रीन बेल्ट भी विकसित किया गया है।
समग्र परियोजना पर आई 41.50 करोड़ रुपये की लागत
लिगेसी वेस्ट के निस्तारण, ईको पार्क के विकास और फोरलेन सड़क निर्माण पर नगर निगम ने कुल 41.50 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। विशाल कूड़े के ढेर को निस्तारित करने में नौ करोड़, जबकि ईको पार्क बनाने में 4.50 करोड़ रुपये की लागत आई। फोरलेन सड़क बनाने में 28 करोड़ रुपये व्यय हुआ है।
ईको पार्क में स्वच्छ स्कूल अभियान का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री
ईको पार्क एवं फोरलेन सड़क के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वच्छ स्कूल अभियान का भी शुभारंभ करेंगे। यह अभियान, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत सिटी लीडरशिप का विशेष कार्यक्रम है। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने बताया कि स्वच्छ स्कूल अभियान के जरिये स्थायी व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता एवं सफाई, रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल, मासिक धर्म स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इस अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए वार्ड, जोन और नगर स्तर पर वेस्ट टू आर्ट, निबंध, क्विज, रील्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके तहत स्कूल स्टार रेटिंग प्रणाली के माध्यम से स्कूलों को 1 स्टार, 3 स्टार या 5 स्टार स्वच्छ स्कूल का दर्जा प्रदान किया जाएगा। इसके मूल्यांकन के लिए तृतीय पक्ष से आकलन कराया जाएगा।
22 को नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 अप्रैल को आएंगे और वे महायोगी गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में शहर के भाजपा और सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं के अलावा शैक्षणिक संस्थानों की महिला शिक्षक हिस्सा लेंगी।