बोले मुख्यमंत्री, सपा के गुंडों ने की है मासूम आर्य वर्धन की निर्मम हत्या
बेटी-बहन की सुरक्षा में सेंध लगाने जेल या जहन्नुम पहुंचेंगे, तीसरी कोई जगह नहीं होगी
- हर उस गुंडे के खिलाफ कार्रवाई होगी, जिसने अराजकता पैदा करके भय और दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की
- कैंपियरगंज में जनसभा, टाउनहाल में जन चौपाल और आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी में सड़क हादसे में मृत किशोर आर्यवर्धन को दी श्रद्धांजलि
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की सड़कों को अराजकता पैदा करने के लिए नहीं बल्कि आमजन के लिए निर्बाध आवागमन के लिए हैं। अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनाई गई हैं कि सपा और कांग्रेस के गुंडे आकर अराजकता पैदा करें। उनके गुंडे फिर अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर किसी ने माफियागिरी दिखाने की कोशिश की तो उस माफिया को मिट्टी में मिलाने में भी देर नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने तय किया है किसी बेटी-बहन की सुरक्षा में सुरक्षा में सेंध लगाने या गरीब की जमीन कब्जा करने का काम किया तो केवल दो ही जगह होगी, जेल या जहन्नुम। बाकी तीसरी कोई जगह नहीं होगी।
सीएम योगी बृहस्पतिवार को कैंपियरगंज में जनसभा, टाउनहाल में जन चौपाल और आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी में सड़क हादसे में मृत किशोर आर्यवर्धन को श्रद्धांजलि देने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने आर्यवर्धन सिंह के पिता भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक ओंकार सिंह को ढाढ़स बंधाने के साथ ही कहा कि इस निर्मम कृत्य को करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। कहा कि सपा के गुंडों ने मासूम आर्य वर्धन की निर्मम हत्या की है। हर उस गुंडे के खिलाफ कार्रवाई होगी, जिसने यहां पर अराजकता पैदा करके भय और दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की है। घटना को लेकर मेरिट के आधार पर और कानून के दायरे में रह करके इन गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रशासन से कहा गया है। परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया के कृत्यों और उनके गुंडों की इस हरकत से ‘शर्म भी शर्मसार’ हो रही है। लोगों को पहले प्रदेश को माफिया से त्रस्त करके तबाह किया और आज फिर से गर्मी चढ़ रही है। सीएम ने चेतावनी दी कि ये गुंडागर्दी यूपी के अंदर नहीं चलेगी।
-
दुर्जनों के मुंह से अंतिम समय में निकलता है राम नाम
मुख्यमंत्री ने अयोध्याधाम को लेकर बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर सियासी हमला बोला। कहा कि रामभक्त हर समय प्रभु श्रीराम का स्मरण करता है जबकि दुर्जनों के मुंह से अंतिम समय में राम नाम शब्द निकलता है। उन्होंने अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर कहा कि जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलाई थीं, जय श्रीराम बोलने पर लाठी-डंडे चलाए थे, जो लोग हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करते थे, आज उनको भी राम नाम याद आ रहा है।
-
अखिलेश में हिम्मत नहीं है कि आमने-सामने चुनाव लड़ें
सीएम ने कुछ दिनों पूर्व सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ से अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी गई चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या तो हमारी आस्था की भूमि है लेकिन आप नामांकन करिए तो मैं भी नामांकन कर लेता हूं। एक बार आमने-सामने हो ही जाए, क्यों बेकार आप चिंता कर रहे हैं, क्यों परेशान हैं। सीएम ने कहा उनकी हिम्मत नहीं है आमने-सामने लड़ने की। क्योंकि कमजोर व्यक्ति आमने-सामने नहीं लड़ता, पीछे से वार करता है। उन्होंने कहा कि इन कायरों की यही स्थिति है।
-
किसानों के लिए पेड़ काटने के नियम में होगा संशोधन
सीएम योगी ने कहा कि अगर कोई अन्नदाता किसान चाहता है कि फसल के साथ वो अपने खेत के मेड़ पर तेजी से बढ़ने वाले पेड़ की खेती करना चाहता है तो सरकार बहुत जल्दी नियम में संशोधन करने जा रही है। बिना किसी हीला-हवाली के किसान को परमिशन देंगे कि आप 10 नए पेड़ लगाइए, उसका वेरिफिकेशन कराइए और काटने योग्य पुराने पेड़ को काट लीजिए।
-
मासूम की मौत पर राजनीति न करें : अखिलेश
हादसे का वीडियो साझा किया, बाले- बिना सबूत आरोप लगाना निंदनीय
- हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच कराने और सच उजागर करने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की हादसे में मौत के मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि हादसा दुखद है। मासूम की मौत पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इससे मृतक के शोकाकुल परिवार के साथ भी अन्याय हो रहा है। किसी बच्चे को खोने का दर्द उसका परिवार ही समझ सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर घटना का वीडियो पोस्ट कर लिखा है कि वीडियो में न तो कोई रोड शो दिख रहा है और न ही रैली, जिस पर मुख्यमंत्री दोष मढ़ रहे हैं। उन्होंने हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच कराने और सच सामने लाने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि मासूम की हादसे में हुई मौत से सभी आहत हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि अपने लोगों से परिवार से मिलकर हरसंभव मदद करने के लिए कह चुके हैं।